Followers

Thursday, August 30, 2012

मालती सवैया – चंद्रमा की पीर..........


 

(चित्र ओबीओ से साभार) 

(1)

पीर सुमीर न जान सकै, पहचान सकै मन भाव न कोई
देह  लखै  अरु  रूप चखै, उपमान कहै मन-भावन कोई
वा  जननी  धरनी सुमिरै , पहुँचाय उसे बिनद्राबन कोई
माइ जसोमति सी धरनी , ममता धरि नैनन सावन रोई ||

(2)

पूनम  रात  उठैं  लहरें , ममता  हिय  हाय  हिलोर मचावै
हूक  उठै , सुत चंद्र  दिखै,सरसै सरि सागर सोर मचावै
माइ  कहै  सुत हाँस सदा,दुनियाँ भर में चितचोर कहावै
चंद्र कहै  मुख हाँसत है , मन पीर सदा  मनमोर  मचावै ||


अरुण कुमार निगम
आदित्यनगर, दुर्ग (छत्तीसगढ़)
शम्भूश्री अपार्ट्मेंट, विजय नगर
जबलपुर (म.प्र.)


(ओपन बुक्स ऑन लाइन महाउत्सव में सम्मिलित रचना)

Wednesday, August 15, 2012

जरा याद उन्हें भी कर लो...............



                (कुंडलिया छंद)

तूफानों से खींच कर ,  कश्ती लायें तीर
धीर वीर हरदम हरें    , भारत माँ की पीर
भारत  माँ की पीर , शहादत को अपनाते
जान दाव पर लगा सभी की जान बचाते
देश सुरक्षित सारा , वीर के बलिदानों से
कश्ती लायें तीर  , खींच कर तूफानों से.



 



 
अरुण कुमार निगम
आदित्य नगर, दुर्ग (छत्तीसगढ़)
विजय नगर, जबलपुर (म.प्र.)

स्वाधीनता दिवस की शुभकामनाये

Sunday, August 12, 2012

चाँद , उमर के साथ दिखाये , प्राणप्रिये


चंदा- मामा  पुए  पकाए   , प्राणप्रिये
बचपन में  हर बच्चा खाये ,प्राणप्रिये |
दूध - कटोरी डाल बताशा अम्मा जी
लल्ला लल्ला लोरी गाये ,प्राणप्रिये |

तरुणाई की  अरुणाई दृग में उतरी
हर सूरत में चाँद दिखाये प्राणप्रिये |
सजनी लिखती मन की पाती मेंहदी से
चंदा साजन तक पहुँचाये प्राणप्रिये |

दम भर चंदा इधर,उधर मुँह फेर थका
नर्गिस ने  क्या  राज  सुनाये प्राणप्रिये |
दो - दो चाँद खिले हैं ,एक है बदली में
दूजा ,  घूँघट  में  शरमाये  प्राणप्रिये |

नून-तेल का चक्कर जब सिर पर छाया
चाँद  नजर  रोटी  में  आये प्राणप्रिये |
दाग  दिखाई   देते   हैं   अब  चंदा  में
मांगने  जब कोई चंदा आये प्राणप्रिये |

चमक उठी है चाँद, हटा कर केश घटा
अकलमंद अब हम कहलाये प्राणप्रिये |
अब भी हो तुम चाँद न यूँ छेड़ो मुझको
फिर आंगन दो चाँद समाये प्राणप्रिये |

चंदा - तारे , साथ  छोड़  परदेस  गये
तन्हा रह गये, सपन सजाये प्राणप्रिये |
चाँद – सरीखी  वृद्धावस्था  रोती  है
अब  आँखों को चाँद न भाये प्राणप्रिये |

अरुण कुमार निगम
आदित्यनगर, दुर्ग (छत्तीसगढ़)
शम्भूश्री अपार्ट्मेंट, विजय नगर
जबलपुर (म.प्र.)

(ओपन बुक्स ऑन लाइन महाउत्सव में सम्मिलित रचना)

Wednesday, August 8, 2012

अधजल गगरी छलकत जाये प्राणप्रिये......


कैसे    कैसे   मंजर    आये   प्राणप्रिये
अपने    सारे    हुये   पराये   प्राणप्रिये |

सच्चे  की  किस्मत  में  तम  ही  आया है
अब  तो  झूठा  तमगे   पाये   प्राणप्रिये |

ज्ञान  भरे  घट  जाने  कितने  दफ्न हुये
अधजल गगरी छलकत जाये प्राणप्रिये |

भूखे - प्यासे  हंसों  ने  दम  तोड़  दिया
अब  कौआ  ही  मोती  खाये  प्राणप्रिये |

यहाँ  राग - दीपक  की  बातें करता था
वहाँ   राग – दरबारी   गाये  प्राणप्रिये |
 
सोने    चाँदी   की   मुद्रायें   लुप्त  हुईं
खोटे  सिक्के  चलन  में  आये  प्राणप्रिये |

सच्चाई   के    पाँव   पड़ी   हैं   जंजीरें
अब तो बस भगवान बचाये  प्राणप्रिये |

अरुण कुमार निगम
आदित्य नगर , दुर्ग (छत्तीसगढ़)
विजय नगर, जबलपुर (म.प्र.)

Sunday, August 5, 2012

फ्रेंडशिप दिवस पर........कुण्डलिया


(1)

 
डूबे मत शिप फ्रेंड की , आओ आज मनायँ
कृष्ण-सुदामा की तरह,मैत्री सभी निभायँ
मैत्री सभी निभायँ , कर्ण को भी मत भूलें
प्रेम त्याग बलिदान , सभी सीमायें  छू लें
सिर्फ स्वार्थ के लिये , न हों मन में मंसूबे
अरुण कहे मत कभी,मित्रता नौका डूबे ||

(2)

अंधे लँगड़े की  कथा  ,  आज आ गई याद
मेला दर्शन का  चढ़ा , दोनों  को  उन्माद
दोनों  को  उन्माद , मित्रता  उनमें गहरी
गंगाराम  बिन  नैन  ,   पैर बंशी के बैरी
जुगत लगा कर काँध, बिठा बंशी को गंगा
दोनों  साथी  घूम , लिये  मेला  बहुरंगा ||

(3)
मगरमच्छ अब भी वही ,सुन बंदर नादान
जामुन देना छोड़ दे  ,  मगरमच्छ शैतान
मगरमच्छ शैतान  ,  कलेजा खाने आतुर
मैडम का वह दास, छलेगा तुझको निष्ठुर
नहीं मित्रता इसकी, तुझको रास आयेगी
चालाकी इक रोज, तुझे ही  खा जाएगी ||

(सभी चित्र गूगल से साभार)

अरुण कुमार निगम
आदित्य नगर, दुर्ग (छत्तीसगढ़)
शम्भू श्री अपार्ट्मेंट , विजय नगर, जबलपुर (म.प्र.)

Wednesday, August 1, 2012

मत्तगयंद सवैया


http://api.ning.com/files/GXEpz-asoKXq3VOvX4vX3-0qYw8zbbATKfrWdTJet-00UxKoyvqTAhUlIRjmr5C47AtFIXMGPOqFX9gkoAxlXsGglFrdBrAt/chitra16.jpg 
(ओबीओ से साभार )
सावन पावन है मन भावन , हाय हिया हिचकोलत झूलै
बाँटत बूँदनियाँ बदरी ,बदरा रसिया रस घोरत  झूलै
झाँझर झाँझ बजै  झनकै, झमकै झुमके झकझोरत झूलै
ए सखि आवत लाज मुझे सजना उत् भाव विभोरत झूलै

सावन के पावन अवसर पर ओपन बुक्स ऑन लाइन चित्र से काव्य तक , प्रतियोगिता अंक – 16 में  द्वितीय पुरस्कार प्राप्त रचना .
http://openbooksonline.com/group/pop/forum/topics/5170231:Topic:252152

अरुण कुमार निगम
आदित्य नगर, दुर्ग (छत्तीसगढ़)
शम्भू श्री अपार्ट्मेंट , विजय नगर, जबलपुर (म.प्र.)